फोटो 07 एचएएमपी 02 - सरीला चौकी से पत्नी को लेकर घर जाता पति। संवाद
सरीला (हमीरपुर)। नगर के रामजानकी मंदिर में शनिवार को पांच बच्चों की मां ने सैकड़ों लोगों के सामने प्रेमी के साथ विवाह किया। इसकी जानकारी होने पर रविवार की सुबह महिला का पति चार बच्चों को साथ लेकर सरीला पुलिस चौकी पहुंच गया। बच्चों को देखते ही महिला की ममता जाग गई और प्रेम छूमंतर हो गया। वह प्रेमी को छोड़कर पति के साथ चली गई। किसी ने भी एक दूसरे की पुलिस में शिकायत भी नहीं की।
मिर्जापुर जनपद के पड़री गांव निवासी शिवशंकर अहिरवार ने बताया कि उनकी शादी गुड्डी (35) देवी से 20 साल पहले हुई थी। उनके पांच बच्चे समा (16), छाया (10), सुजीत (10), अजित (6) और रीमा (3) हैं। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह पांच महीने पहले सिलवासा गया था, वहां उसकी पत्नी भी मजदूरी करती थी। बगल के कमरे में सरीला कस्बे का हरि रहता था।
पत्नी की हरि से नजदीकी हो गई। एक सितंबर को वह ड्यूटी से लौटा तो बच्चों ने बताया कि मां नहीं है। खोजने पर पता चला कि वह हरि के साथ हमीरपुर चली गई है। फोन से जानकारी ली तो मालूम हुआ कि उसने सरीला के एक मंदिर में हरि से शादी कर ली है।
रविवार को वह बड़ी बेटी समा को मिर्जापुर में छोड़कर, चार छोटे बच्चों के साथ सरीला पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिस ने गुड्डी देवी को चौकी बुलाया। बच्चों को देखकर मां भावुक हो गई और पति के साथ जाने का फैसला कर लिया।
सरीला चौकी प्रभारी दिनेश पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया लेकिन किसी ने शिकायत नहीं दी। महिला ने पति के साथ जाने की इच्छा जताई और दोनों में समझौता हो गया।