फोटो 18 एचएएमपी 28- ज्ञापन देने डीएम कार्यालय जाते अधिवक्ता। संवाद
हमीरपुर। लखनऊ न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज और चेंबर तोड़े जाने की घटना के विरोध में सोमवार को हमीरपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अधिवक्ताओं ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और घायल अधिवक्ताओं को पांच लाख आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रतप सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। कहा कि 17 मई को लखनऊ न्यायालय परिसर में महिला और पुरुष अधिवक्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया। ज्ञापन में मांग उठाई कि जिनके चेंबर तोड़े गए हैं उन्हें नए चेंबर दिए जाएं। इस दौरान महासचिव अश्वनी कुमार प्रजापति, शुभेद्र धुरिया, जीत सिंह वर्मा, नवीन कुमार, पुष्पेंद्र सिद्धार्थ, पुष्पेंद्र प्रजापति, सुरेंद्र यादव, जयपाल, सत्यप्रकाश, प्रशांत चंदेल, लखनलाल समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
उधर राठ में अधिवक्ता संघ ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अभिमन्यु कुमार को सौंपा। ज्ञापन में दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अखिल कुमार नगायच, महामंत्री सुरेंद्र सिंह राजपूत सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।