हमीरपुर। शासन ने विकासखंड मुस्करा के रुरीपारा गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्चीकृत कर राजकीय हाईस्कूल का दर्जा दिया है। कुरारा के बिलौटा गांव में संचालित राजकीय हाईस्कूल को इंटरमीडिएट तक संचालित किया जाएगा। दोनों विद्यालयों के लिए शासन ने उच्चीकृत की हरी झंडी स्वीकृति दे दी है। साथ ही निर्माण के लिए 95 फीसदी बजट भी जारी कर दिया है। इससे दोनों क्षेत्र के सैकड़ों छात्रों को गांव से पांच किमी के दायरे में ही पढ़ने की सुविधा प्राप्त होगी।
माध्यमिक शिक्षा के जिला समन्वयक नीरज कुमार ने बताया कि विभाग ने रुरीपारा गांव में राजकीय हाईस्कूल व बिलौटा को उच्चीकृत कर इंटरमीडिएट तक संचालित कराने का प्रस्ताव भेजा था। इनको उच्चीकृत करने के लिए शासन ने स्वीकृति पिछले वर्ष दे दी थी। शासन स्तर से 95 फीसदी बजट भी जारी कर दिया गया है। इसमें रूरीपारा विद्यालय को करीब 1.39 करोड़ व बिलौटा विद्यालय को 2.8 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। मार्च 2026 में ही कार्यदायी संस्था उप्र समाज कल्याण विभाग (सिडको) बांदा को यह धनराशि जारी कर दी गई थी। कार्यदायी संस्था ने भूमि की नाप कर मिट्टी व साफ-सफाई का कार्य शुरू करा दिया है। इन विद्यालयों के निर्माण के लिए शासन स्तर से ही संस्था नामित की गई है। इन विद्यालयों में कक्षा-कक्षों सहित लैब आदि का निर्माण कराया जाएगा।
आठवीं कक्षा पास करने के बाद छात्र-छात्राओं को छानी, कुरारा सहित अन्य स्थानों पर पढ़ने जाना पड़ता था। अब उन्हें गांव में ही हाईस्कूल व इंटरमीडिएट तक शिक्षा प्राप्त होगी। रुरीपारा में निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है जबकि बिलौटा में जूनियर विद्यालय का भवन बीच में आने के चलते काम अटका हुआ है। इसके लिए बीएसए को पत्राचार किया गया है। - महेश कुमार ग़ुप्ता, डीआईओएस।