राठ (हमीरपुर)। कोतवाली के नंदना गांव में सरीला ब्लाक प्रमुख की बहन के घर से चोरों ने तीन लाख रुपये और करीब दस लाख के जेवर चुरा ले गए। घटना की जानकारी पर सीओ अखिलेश राजन फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की।
नंदना निवासी नीरज राजपूत ने बताया कि खेतीबाड़ी के साथ ही उनका सरीला कस्बे में पैलेस है। गुरुवार रात वह घर की तीसरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि अन्य परिजन नीचे वाले कमरों में सोये थे। पत्नी लक्ष्मी सिंह अपनी बड़ी बहन सरीला की नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख चंद्रिका देवी के यहां गईं थीं।
रात में घर में घुसे चोरों ने उनके कमरे में रखी अलमारी से तीन लाख रुपये और सोने चांदी के जेवर चुरा ले गए। चोरी हुए जेवर की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। नीरज ने बताया कि उन्होंने सुबह देखा कि उनकी पैंट की जेब मे पड़े 12 हजार रुपये गायब हैं।
आशंका होने पर अलमारी खोल कर देखी तो जेवर और रुपये भी नहीं थे। पड़ोसी ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे नीरज के मकान के आसपास तीन संदिग्धों को घूमते देखा था। उन्होंने नीरज और उनके बड़े भाई प्रापर्टी डीलर सुरेंद्र सिंह को फोन कर सतर्क करने का प्रयास किया, किंतु दोनों का फोन नहीं उठा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के लिए फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम बुलाई गई है। सीओ अखिलेश राजन ने कहा कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
राठ कस्बे सहित क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ीं हैं। पुलिस ने कई चोरियों का खुलासा भी किया है। माल सहित चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरियों को अंजाम देने वाले गैंग की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामलों के खुलासे कर दिए जाएंगे- एसपी एनके सिंह