फोटो 13 एचएएमपी 15=सुमेरपुर थाने में लेब्रा डॉग के साथ घनश्याम। संवाद
- फोटो : Katra news
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। एक कुत्ते पर दो लोग अपना-अपना दावा करते हुए सोमवार को थाने पहुंचे। फिलहाल लेब्रा डॉग फिलहाल पुलिस के संरक्षण में थाने में है। पुलिस असली स्वामी की जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों मालिकों से अन्य साक्ष्य मांगे हैं।
कुंडौरा निवासी श्रीपत कुशवाहा ने सोमवार को थाने में शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि उनके पालतू लेब्रा डॉग को कस्बे के वार्ड संख्या 16 निवासी घनश्याम चुपके से खोलकर गांव से अपने साथ ले आए। वहीं, घनश्याम का कहना है कि उसका पालतू लेब्रा डॉग एक पखवारे पूर्व गायब हो गया था। उसे जानकारी मिली थी कि वह कुंडौरा गांव में है। वहां जाकर देखा तो वह बंधा हुआ था। इसको वह लेकर आ गया।
समस्या इस बात को लेकर उलझ गई कि घनश्याम जब उसे भूरा नाम से बुलाता है तो वह दौड़कर घनश्याम के पास जाता है। इसी तरह श्रीपत कुशवाहा उसे शेरू नाम से पुकारता है तो वह आगे पीछे पूंछ हिलाकर घूमने लगता है। इससे लेब्रा डॉग के असली मालिक की पहचान नहीं हो पा रही। पुलिस ने असली स्वामी के लिए उसके पालने के अन्य सबूत मांगे हैं। कुंडौरा के मालिक का दावा है कि उसने जिस पशु डॉक्टर से बचपन से लेकर अब तक उपचार कराया है। उसे साक्ष्य के तौर पर ला सकता है। पुलिस ने डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा है। मंगलवार को डॉक्टर थाने में जाकर बताएंगे कि वह लेब्रा डॉग श्रीपत का है अथवा नहीं। इस तरह घनश्याम से भी अन्य सबूत मांगे गए हैं। फिलहाल लेब्रा डॉग को पुलिस संरक्षण में थाने पर रखा गया है। दो मालिकों को देख एक फूल दो माली फिल्म की कहानी लोगों को याद आ गई।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि दोनों के दावों की जांच की जा रही है। दोनों से अन्य सबूत मांगे गए हैं। जिसके सबूतों में दम समझ में आएगा। जांच के बाद कुत्ते को उसी के हवाले किया जाएगा।