गोहांड (हमीरपुर)। चिकासी थाने के सिकरौधा गांव निवासी श्रमिक की दिल्ली से लौटते समय सोमवार रात रास्ते में मौत हो गई। सिकरौधा गांव निवासी महेंद्र ने बताया कि भाई सुरजेंद्र सिंह (30) करीब 25 दिन पहले दिल्ली मजदूरी करने गए थे।
दो दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेने दिल्ली गए थे। बताया कि सोमवार रात लेकर लौट रहे थे तभी रास्ते में मौत हो गई। मंगलवार सुबह शव घर पहुंचा। उनकी माैत से मां अशोक रानी, पत्नी कपूरी देवी, तीन बेटियां व एक बेटा बिलखते रहे। चिकासी थानाध्यक्ष मयंक चंदेल ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण ज्ञात होगा।