राठ (हमीरपुर)। खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे मजदूर की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं खेत मालिक व एक अन्य मजदूर झुलस गए। कोतवाली क्षेत्र के औंड़ेरा गांव निवासी बृजेंद्र सिंह राजपूत (65) ने बताया कि उनके नाम पर तीस बीघा कृषि भूमि है। जिस पर खेती करते हैं।
बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे गांव के मजदूर आशाराम विश्वकर्मा (65) व खूबचंद्र (60) से खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करा रहे थे। तभी तेज गरज चमक के साथ झमाझम बारिश होने लगी। इसी बीच बिजली गिरने से आशाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बृजेंद्र सिंह व खूबचंद्र झुलस गए। दोनों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया कि आशाराम के नाम पर चार बीघा कृषि भूमि है। वह खेती के साथ ही मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। अपने पीछे पत्नी मक्खी व बेटे मनोज को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। कोतवाल अनूप सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।