हमीरपुर। अन्य प्रदेश की भांति लाभांश में बढ़ोत्तरी करने एवं मिनिमम इन्कम गारंटी देने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को जिलेभर के कोटेदारों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से सम्बोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा है। जिसमें उन्होंने मांग पूरी ना होने पर आगामी 28 जनवरी से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन व विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी है।
ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुमंत शर्मा के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में कहा कि कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये प्रति कुन्तल ही मिलता है, जबकि अन्य प्रदेशों में ज्यादा मिल रहा है। उन्होंने अन्य प्रदेशों की भांति उन्हें भी लाभांश व मिनिमम इन्कम गारन्टी देने की मांग की है। मौके पर उषा दुबे, विक्रम सिंह,अजय कुमार, रामकरन तिवारी, सत्यनारायण सहित जिलेभर के कोटेदार मौजूद रहे।