हमीरपुर। लॉकडाउन की घोषणा के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा कि 21 दिन तक लॉकडाउन रहेगा। यह आदेश मंगलवार रात 12 बजे से ही लागू होगा। जिले की सभी सीमाओं पर बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियरों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं रोडवेज की सभी बसों को सैनिटाइज किया गया।
जिले की सीमा उरई, कानपुर नगर व देेहात, फतेहपुर, बांदा, महोबा व झांसी से सटा है। लॉकडाउन के बाद सभी स्थानों पर मोबाइल बैरियर लगाए गए हैं। वहीं शहर कोतवाली में यमुना पुल, कुछेछा राठ तिराहा व उरई मार्ग में सिटी फारेस्ट के पास बैरियर लगा दिए गए हैं। बुधवार को इन बैरियरों पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
उधर सरकार के आदेशों से बंद परिवहन निगमों की बसों का मंगलवार को सैनिटाइज किया गया। कोतवाल श्यामप्रताप पटेल ने लाउडस्पीकर से कहा कि लोग अनावश्यक एक स्थान पर भीड़ न लगाएं। अन्यथा की स्थित में कार्रवाई की जाएगी। उधर नगर पालिका के सफाई कर्मियों को कोरोना से बचाव की किट बांटी गई।
दूध, ब्रेड व अखबार छूने से नहीं होता कोरोना
हमीरपुर। कोरोना का खतरा जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भ्रांतियों में पड़कर जीवन के दैनिक कार्यों को बाधित करें। विशेषज्ञों के मुताबिक अखबार हाथ में लेकर पढ़ने, दूध, ब्रेड के पैकेट छूने, किसी के दरवाजे की कॉल बेल दबाने से कोरोना नहीं होता है। दरअसल कोरोना इंसान से इंसान, मुंह से निकले थूक के जरिये फैलता है। अगर संक्रमित व्यक्ति ने कहीं छींक दिया है, तो वहां हाथ रखने पर संक्रमण हो सकता है।
साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने से संक्रमण का खतरा नहीं होगा। घबराएं नहीं, बस सफाई रखें, संक्रमण से बचने का यही तरीका है। इससे कम प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को दिक्कत हो सकती है। अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. आरपी यादव का कहना है कि लोग अपना काम करें। अगर कोई संक्रमित है तो उसके पास मास्क पहनकर जाएं, संक्रमित व्यक्ति भी मास्क पहने और आइसोलेशन में रहे।
शहर में दवा का छिड़काव करते पालिका कर्मी।- फोटो : HAMIRPUR
शहर में एनाउंस करते कोतवाल एसपी पटेल।- फोटो : HAMIRPUR