फोटो 21 एचएएमपी 37= मुठभेड़ में घायल आरोपी को ले जाती पुलिस। स्रोत: पुलिस विभाग
हमीरपुर। राठ के मलवा रोड पर रविवार रात पुलिस ने मुठभेड़ दौरान युवक को अगवा कर बस स्टैंड में फेंकने वाले एक आरोपी के गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपी मौके से भाग निकले। दाहिने पैर में गोली लगने से घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, एक खाली कारतूस बरामद किया है।
फरसौलियाना मोहल्ला निवासी जयनारायण पचौरी ने शनिवार को कोतवाली में रिहुंटा गांव निवासी विनय चौधरी, पवन चौधरी, सिकरौधा निवासी विवेक राजपूत, पवन, मगरौठ निवासी भूरा, बडेरा गांव के निखिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर शाम मोहल्ले में ही रहने वाला उनका ममेरा भाई शिवम (28) पुत्र कृष्णगोपाल नहर बाईपास पर एक दुकान में चाय पीने गया था। तभी स्कार्पियो सवार उक्त लोग उसे हत्या करने की नियत से कार में डालकर ले गए। सूचना मिलने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। करीब दो घंटे बाद आरोपी उसे मारपीट कर रोडवेज के पास फेंककर चले गए। बताया कि मारपीट में ममेरे भाई को गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीओ राठ के पर्यवेक्षण में राठ कोतवाली प्रभारी की टीम गठित की और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर राठ हमराहियों के साथ रविवार शाम राठ कस्बे में उरई स्टैंड के पास मौजूद थे। मुखबिर से प्राप्त सूचना पर वह मलवां रोड पहुंचे। वहां उन्होंने रोड किनारे खडे़ लोगों की ओर टार्च लगाई तो वह पुलिस को देख तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर भागने लगे।
पुलिस ने भी अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। फायरिंग के दौरान तमंचा से फायर कर रहे अभियुक्त विवेक राजपूत निवासी ग्राम सिकरौधा थाना चिकासी के दाहिने पैर में गोली लगी। शेष लोग मौके से भागने में सफल रहे।
उसे गिरफ्तार कर अभिरक्षा में तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला व आर्म्स एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से जालौन के डकोर थाने व जिले के राठ व चिकासी में कुल छह मुकदमे पंजीकृत है।