मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में चल रहे मौलाना सलीम मेमोरियल अखिल भारतीय खेल महोत्सव 2025 में क्रिकेट के पहले मुकाबले में केजीएन ने छिमौली किंग्स को 25 रनों से हराया। इस जीत के नायक मनोज कुमार रहे, जिन्होंने 36 गेंदों पर 58 रन बनाए। आयोजक मंडल की ओर से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बुधवार को पहला लीग मुकाबला छिमौली किंग्स और केजीएन के बीच 15-15 ओवरों का खेला गया। छिमौली ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी केजीएन टीम ने निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रनों का स्कोर खड़ा किया। मनोज ने 36 गेंदों पर 58 रन बनाए तो वहीं अखिल ने 22 गेंदों में 37 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छिमौली किंग्स 136 रनों पर ढेर हो गई और 25 रनों से मुकाबला हार गई। मनोज को मुख्य अतिथि इरशाद की ओर से मैन ऑफ दी मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दूसरे मुकाबले में सहारा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 142 रन बनाए। साहिल ने 82 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाजिल इलेवन की शुरूआत धीमी रही। बाद में तेजी लाने का प्रयास किया गया लेकिन टीम 122 रन ही बना सकी और 20 रनों मुकाबला हार गई। साहिल को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि अनीस व फहीम ने पुरस्कार दिया।