भरुआसुमेरपुर कसबे के मुख्य बाजार में हाइवे किनारे स्थित कृष्णा ज्वैलर्स
में बीती रात चोर पीछे से खिड़की काटकर अंदर घुसे और दुकान में रखे लाखों
रुपये के सोने चांदी के जेवरात उठा ले गए। घटना की जानकारी सर्राफा
व्यवसायी को सुबह दुकान खोलने पर हुई। पुलिस ने सर्राफा व्यवसायी की तहरीर
पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
कसबे में हाइवे
किनारे इमिलिया थोक निवासी अखिलेश सोनी कृष्णा ज्वैलर्स के नाम से अपना
प्रतिष्ठान चलाते है। 24 फरवरी की शाम वह प्रतिष्ठान प्रतिदिन की भांति बंद
कर अपने घर चले गए।
तीन मंजिला इस इमारत में पीछे से चोर घुसे और छत के
रास्ते जीने से उतरकर पिछवाड़े के कमरे का दरवाजा तोड़ा और खिड़की की सरिया
काटकर दुकान में प्रवेश कर गए। इसके बाद वह दुकान में रखे सोने चांदी के
लाखों रुपये के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।
सुबह करीब साढ़े दस बजे जब
दुकानदार अखिलेश सोनी ने प्रतिष्ठान खोला तो सामान बिखरा देख होश उड़ गए।
घटना की सूचना पर सैकड़ों व्यापारी इकट्ठा हो गए। व्यापार मंडल के नगर
अध्यक्ष महेश गुप्ता के नेतृत्व में पीड़ित व्यापारी थाने पहुंचे और घटना
की तहरीर दी। बताया कि एक लाख से अधिक के गहने चोरी गए है।
पुलिस ने
व्यापारी की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी थानाध्यक्ष
बलवीर सिंह ने कहा कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने पूछतांछ
के लिए कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया है। उधर, कसबे की छोटी
बाजार में बंद पड़ी मिल में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर चोरी का असफल
प्रयास किया। अतुल कुमार द्विवेदी उर्फ सिंगल दुबे ने बताया कि चोरों ने
सेंध लगाकर प्रतिष्ठान में घुसने का प्रयास जरूर किया है। लेकिन कुछ ले जा
नहीं सके।