सुमेरपुर में श्मशान घाट के पास खुला बोरवेल।
- फोटो : अमर उजाला
ईदगाह मोहल्ले के पीछे श्मशान घाट के नजदीक जल निगम के फेल नलकूप का बोरवेल खुला पड़ा है। इससे हादसे का डर है।
कस्बे के बांकी मार्ग में ईदगाह मोहल्ले के पीछे श्मशान घाट स्थित है। इसके निकट जल संस्थान की टंकी की आपूर्ति के लिए जलनिगम ने कई वर्ष पूर्व नलकूप लगाया था। लेकिन कुछ दिनों के बाद ही ये नलकूप फेल हो गया। ऑपरेटर या चौकीदार के न रहने से नलकूप कक्ष का दरवाजा टूटा पड़ा है।
नलकूप फेल होने से मोटरें हटा ली गईं हैं, लेकिन बोरवेल खुला पड़ा है। कस्बे के कामता गुप्ता, अनुज गुप्ता, मकसूद खान आदि ने बताया कि श्मशान घाट होने के कारण यहां लोग आते रहते हैं। ऐसे में खुला बोरवेल हादसे का सबब बन सकता है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी इसे बंद नहीं कराया गया।
उधर इमिलिया थोक में प्राथमिक विद्यालय के समीप पाइप लाइन को ठीक करने के लिए जल संस्थान ने दस फीट गहरा गड्ढा खोदा था। लेकिन न तो पाइप लाइन ठीक हुई न ही गड्ढे की पुराई हुई। विद्यालय के सामने बने इस गड्ढे से बच्चों को खतरा है।