राठ। रोडवेज बस से यात्री का बैग काटकर टप्पेबाज पांच लाख रुपये के जेवरात व दो हजार की नकदी ले गए। डिपो में सीसीटीवी कैमरे न होने पर यात्री ने नाराजगी जताई है।
महोबा जिले के पनवाड़ी थाने के महुआ गांव निवासी मानसिंह राजपूत ने बताया कि लखनऊ में परिवार सहित रहकर काम करते हैं। पठा गांव में मंगलवार को भांजी की शादी है। सुबह करीब साढ़े छह बजे राठ डिपो पहुंचे। बनारस जाने वाली बस में पनवाड़ी जाने के लिए बैठ गए। बस में दो लोगों ने उनका बैग व अन्य सामान आगे रखा दिया। जबकि उन्हें पीछे वाली सीट पर बैठा दिया। कुछ देर बाद देखा तो उनका बैग कटा था। उक्त लोग बस से गायब हो चुके थे। बताया कि बैग में रखा पत्नी का जेवरात से भरा पर्स व दो हजार रुपये गायब थे। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। मानसिंह का आरोप है कि स्टाफ की मिली भगत से टप्पेबाजी की घटना हुई है। एआरएम राजकुमार ने कहा कि यात्री अपने सामान की सुरक्षा खुद करें। वहीं कोतवाल दिनेश सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।