बुधवार रात कस्बे के नेहा नर्सिंग होम के पास हुई
ट्रक दुर्घटना के मामले में डीआईजी ने बीट में तैनात एसआई, सिपाही तथा
होमगार्ड को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। पत्रकारों से कहा कि इस
मामले में मृतक के परिजनों के खिलाफ चालक की हत्या करने का मुकदमा भी दर्ज
कराया जाएगा।
बुधवार को कस्बे के ऐतिहासिक तीजा मेला का कार्यक्रम चल
रहा था। जिसके चलते कस्बे में शोभायात्रा की समाप्ति के बाद हजाराें की
भीड़ सड़काें पर थी। साथ ही कुछ लोग पशु बाजार में लगे झूला, सर्कस व
नौटंकी देख रहे थे।
तभी रात करीब 10:30 बजे में नेहा नर्सिंग होम के पास
मौदहा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर चालक ने अपने दरवाजे के सामने सड़क
किनारे खड़े युवक रिंकू को रौंद दिया।
बताते हैं कि उत्तेजित परिजनों ने
टैंकर चालक को जमकर मारापीटा और फिर टायराें के नीचे लेटाकर टैंकर ऊपर ऊपर
चढ़ा दिया। जिससे टैंकर चालक की भी मौत हो गई।
इसके बाद रिंकू के परिजनों व
अन्य लोगों ने हाइवे जाम कर दिया और करीब तीन घंटे तक पुलिस के खिलाफ जमकर
नारेबाजी की। इस मामले में मुख्यालय भ्रमण में आए डीआईजी ज्ञानेश्वर
तिवारी ने एक्शन लिया है।
उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर तैनात एसआई
महेंद्र सिंह, सिपाही रंगनाथ मिश्रा व होमगार्ड रामबाबू को निलंबित करने के
आदेश दिए हैं। साथ ही टैंकर चालक को मारने वालों के खिलाफ भी हत्या का
मुकदमा लिखे जाने को कहा है।
डीआईजी के इस आदेश से थाना पुलिस के साथ मृतक
रिंकू के परिजनों में हड़कंप मचा है।