त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस लाइन
सभागार में हुई समीक्षा बैठक में डीआईजी ने पुलिस की कार्रवाई नगण्य होने
पर नाराजगी जताई। वहीं अनशन कर रही महिला के मामले में 24 घंटे में
गिरफ्तारी के आदेश दिए।
पंचायत चुनाव की समीक्षा बैठक करने के बाद
डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने बताया कि जिले में चुनाव तैयारी की स्थिति
बहुत खराब है।
अभी तक एक भी शस्त्र लाइसेंस जमा नहीं हुआ है और न ही वारंटी
व वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। न ही जिला बदर अपराधियों
को जिला बदर किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में विधानसभा चुनाव
के समय जिले में 12 शस्त्र फैक्ट्रियां पकड़ी गई थी, लेकिन मौजूदा समय में
सिर्फ दो फैक्ट्रियां पकड़ी गई हैं। इससे पता चलता है कि स्थानीय पुलिस
शिथिलता बरत रही है।
उन्होंने बताया कि चुनाव जिले की पुलिस को ही कराना
है। अगर जरूरत पड़ी तो अपने परिक्षेत्र से ही अतिरिक्त फोर्स लगाया जाएगा।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों व क्षेत्राधिकारियों से कहा कि एक सप्ताह के
अंदर सारी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें।
अन्यथा संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई
की जाएगी। बिवांर थानाक्षेत्र के मवईजार गांव में 15 सितंबर को हुई
छेड़खानी के मामले में महिला व उसकी पुत्री मुख्यालय पर अनशन कर रही है।
इस
मामले को भी संवेदनशीलता से लेकर अपर पुलिस अधीक्षक से 24 घंटे के अंदर
आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के निर्देश दिए। गौरतलब हो कि आरोपी सपा नेता
का रिश्तेदार है। इसके चलते पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।