हमीरपुर। विवादित भूमि पर बिना अनुमति के डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित होने के मामले में कोतवाली के दरोगा व सिपाही को लाइन हाजिर किया गया है।
राठ कोतवाली क्षेत्र के औंडे़रा गांव में 12 अप्रैल की आधी रात ग्राम समाज की विवादित भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। प्रशासन के अनुमति न दिए जाने पर गांव की महिलाएं प्रतिमा की हिफाजत के लिए दिन-रात डटीं रहीं।
प्रशासन के काफी समझाने के बाद भी विवाद का निस्तारण नहीं हुआ था। 16 अप्रैल को एसडीएम कार्यालय में ग्रामीणों व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीन घंटे चली वार्ता के बाद विवाद थमा था। अधिकारियों ने जमीन के विवाद का निस्तारण होने पर दो माह बाद प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया था।
लेखपाल ने बिना अनुमति विवादित भूमि पर प्रतिमा स्थापित किए जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में हलका इंचार्ज एसआई गौरव शुक्ला व कांस्टेबल प्रताप की भूमिका संदिग्ध रही। विवाद थमने के बाद पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है।