फोटो 08 एचएएमपी 06- दुकान में खजूर की लगी वैरायटी। संवाद
हमीरपुर। अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब जिले के स्थानीय बाजारों में भी दिखने लगा है। ईरान में जारी तनाव के कारण सूखे मेवों और खजूर की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे बाजार में इनके दाम बढ़ गए हैं। साथ ही पहले बाजार में 15 से अधिक प्रकार की खजूर मिलती थी, लेकिन अब होली के बाद से पांच प्रकार की किस्में ही उपलब्ध हैं। कारोबारियों का कहना है कि नया माल भी नहीं आ रहा है।
रमजान का महीना चल रहा है। 20 मार्च को ईद होने की संभावना है। ऐसे में रोजेदार इफ्तार में खजूर का सेवन करते हैं। कारोबारियों का कहना है कि रमजान का महीना होने के कारण खजूर की मांग हर साल की तरह इस बार भी काफी अधिक है। रोजेदार इफ्तार में खजूर का सेवन करते हैं। इस बीच विदेशों से आवक पहले जैसी नहीं हो पा रही है। मांग अधिक और आपूर्ति कम होने से खजूर के दामों में भी तेजी देखने को मिल रही है। काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट और मखाना के दामों में भी 30 से 80 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।वहीं बब्बी भाई ने बताया कि रमजान में करीब एक करोड़ का कारोबार हो जाता था। पहले की तुलना में इस बार लगभग आधा ही कारोबार हो पा रहा है।