संवाद न्यूज एजेंसी
कुरारा/पौथिया/गहरौली। विकासखंड कुरारा के पारा और बेरी पीएचसी में चल रहे आरोग्य मेला का डिप्टी सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों का हाल-चाल जाना और अस्पताल परिसर में गंदगी देख साफ-सफाई के निर्देश दिए। मेले में ज्यादातर वायरल फीवर सहित खांसी, जुकाम के मरीज पहुंचे। कहीं डॉक्टर तो कहीं जांच सुविधा की कोई व्यवस्था नहीं मिली।
पारा पीएचसी में डिप्टी सीएमओ डॉ. भानु प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। यहां डॉ. राहुल आर्य मरीजों का उपचार करते पाए गए। कुल 26 मरीज पहुंचे। फार्मासिस्ट आनंद स्वरूप पटेल, एलटी देवेंद्र सिंह व समस्त स्टाफ मौजूद मिला। उन्होंने मरीजों से बीमारी के बारे में हाल-चाल जाना। इसके बाद बेरी पीएचसी पहुंचे जहां डॉ. नाजिश द्वारा 41 मरीज देखे गए थे। सभी स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित मिले।
उन्होंने दवाओं के बारे में जानकारी लेते हुए साफ-सफाई के निर्देश दिए। वहीं पीएचसी कुसमरा का सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार जायसवाल ने निरीक्षण किया। बताया कि बदलते मौसम के चलते वायरल बुखार, खांसी, जुकाम के मरीज बढ़े हैं। दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है।
नवीन पीएचसी ही हालत दयनीय : पौथिया पीएचसी में कुल 46 मरीज पहुंचे। यहां डॉ. भावना सोनकर ने जांचकर दवाएं दीं। उजनेड़ी निवासी सोमप्रकाश ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती नहीं है। रामकिशोर, रामगोपाल, अरविंद, संतोष वर्मा, सुरेश आदि ने बताया कि अस्पताल में बाउंड्रीवॉल नहीं है। मेन गेट के सामने लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार सचान ने बताया कि वार्ड बॉय व सफाई कर्मचारी नहीं है। दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। यहां पर डॉ. भावना सोनकर, डॉ. नीना सचान, एएनएम कल्पना सिंह आदि रहीं।