बसवारी गांव में ड्रमों में रखा केरोसिन
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र में अवैध रूप से केरोसिन बेचे जाने की सूचना पर बसवारी गांव में पूर्ति निरीक्षक और नायब तहसीलदार ने छापा मारकर 44 ड्रमों और चार केनों में भरा मिट्टी का तेल बरामद कर जब्त किया। पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि डीएम के आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
विकासखंड मुस्करा के ज्यादातर गांवों में राशन की दुकानों पर आने वाले मिट्टी के तेल को ब्लैक में बेचने का धंधा फल फूल रहा है। इसका फायदा बसवारी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने जमकर उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि वह बीते कई वर्षों से कोटेदारों से मिट्टी का तेल खरीदकर खुलेआम ब्लैक में बेचता है।
आरोप लगाया कि वह कानपुर क्षेत्र से भी लोडराें में भरकर मिट्टी का तेल लाता है। तेल का कलर बदलने के लिए केमिकल का प्रयोग करता है। रविवार को नायब तहसीलदार मौदहा छेदालाल व पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार त्रिवेदी ने थानाध्यक्ष बीके द्विवेदी के साथ बसवारी गांव में दोपहर को छापा मारा।
जिसमें सुरेंद्र कुमार के हाते में मकान के अंदर रखा 44 ड्रम और 50 लीटर की चार केनों में केरोसिन मिला। नायब तहसीलदार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध करोबार की शिकायतें मिलने पर कार्रवाई की गई है। बताया कि केरोसिन के साथ 425 किलो ब्लीचिंग और 9200 लीटर बायो डीजल पाया है।
बताया कि वह केमिकल मिलाकर डीजल के रूप में अवैध कारोबार करता था। आरोपी कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। उन्होंने कहा कि जब्त केरोसिन मुस्करा के थोक डीलर रामगोपाल गुप्ता के सुपुर्द किया गया है। आपूर्ति निरीक्षक अमित कुमार त्रिवेदी ने बताया कि जिलाधिकारी सेआदेश लेकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।