सरीला (हमीरपुर)। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में बिलगांव टीला के किसानों का दर्द छलक उठा। अफसरों को बताया कि नहर का पानी टेल तक पहुंच चुका है, आगे बंबी की खुदाई नहीं हुई, इससे खेतों में पानी भर रहा है। जल्द ही बंबी का पानी न रोका गया तो एक हजार बीघा फसल जलमग्न हो जाएगी। किसानों की शिकायत पर आयुक्त अजीत कुमार ने फौरन जेई और लेखपाल को मौके पर जाने के निर्देश दिए।
आयुक्त अजीत कुमार व पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस ने संपूर्ण समाधान दिवस में करीब डेढ़ घंटे तक शिकायतों को सुना। क्षेत्र से 22 शिकायतें पहुंची जिसमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। भूमि विवाद, सिंचाई, विद्युत, आवास और पुलिस से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। मौसम का असर समाधान दिवस पर भी देखने को मिला। कम संख्या में फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। गोहांड ब्लॉक के बिलगांव टीला के किसान चंद्रशेखर, मुन्ना लाल, बृजेंद्र कुमार, देवीदीन, रामसनेही, अरविंद चंद्रपाल, बाबूराम, दीनदयाल, विमल कुमार, सालिगराम समेत बड़ी संंख्या में पहुंचे किसानों ने बताया कि गोहांड माइनर से बिलगांव व बड़ा खरका के बीच से होकर बंबी निकली है। टेल के आगे बंबी की खुदाई नहीं हुई। पानी टेल तक पहुंच चुका है आगे पानी नहीं जा पा रहा जिससे अब खेतों में भरने लगा है। बृजेंद्र ने बताया कि दो खेतों में पानी भर गया जिससे मटर की फसल बर्बाद हो गई।. पानी न रुका तो मौजा की एक हजार बीघा खेती जलभराव से प्रभावित होने की आशंका है। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग के जेई व लेखपाल को तत्काल मौके पर भेजकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। जिटकरी गांव निवासी गोधन ने आरोप लगाया कि मौरग खंड संचालक उसकी निजी भूमि से जबरन रास्ता बनाकर ट्रक निकाल रहा है। जरिया निवासी राजा ने कच्चा मकान गिरने के बाद वृद्ध परिजन के लिए सरकारी आवास की मांग रखी। सरीला कस्बा निवासी कमलेश कुमार ने घरेलू विद्युत कनेक्शन का भार बढ़ाए जाने की शिकायत की। वहीं देवखरी गांव के किसान लाल दिमान ने चकबंदी में डबल एंट्री के नाम पर जमीन काटे जाने का मुद्दा उठाया। समाधान दिवस में ठंड को देखते हुए तहसील परिसर में अलाव जलवाए गए। असहाय और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, एसडीएम बलराम गुप्ता, तहसीलदार राममोहन कुशवाहा, सीओ शाहरुख खान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।