मौदहा (हमीरपुर)। चौधरी पहलवान सिंह इंटर कॉलेज इचौली में तीन दिवसीय चौधरी रणजीत सिंह मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने किया। युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले दिन छह रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें स्थानीय टीम इचौली ने अपने प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता का पहला दिन प्रतियोगिता का पहला दिन खेल प्रेमियों के लिए काफी उत्साहवर्धक रहा। पहले मुकाबले में बजरंग क्लब इचौली ने बांदा को 2-0 से करारी शिकस्त दी।
इसके बाद, फतेहपुर डिपो ने सीपीएस हमीरपुर को 3-1 से हराकर अपनी दावेदारी पेश की। तीसरे मैच में बरौर (कानपुर) और प्रयागराज के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें बरौर ने 3-2 से जीत दर्ज की। चौथे मुकाबले में इचौली ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाते हुए जेपी क्लब प्रयागराज को 2-0 से हराया। अंतिम मैच में महोबा ने छतरपुर को 3-1 से पराजित किया।
अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित मैच रेफरी के तौर पर मुन्ना लाल, बीडी यादव और कृष्ण कुमार ने अपनी भूमिका निभाई, जबकि इंद्रवीर सिंह, बृजेश कुमार और शैलेंद्र सिंह ने कमेंट्री और स्कोरिंग का जिम्मा संभाला। इस अवसर पर एसडीएम करणवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडे, पूर्व एमएलसी जयवंत सिंह, पूर्व विधायक युवराज सिंह, प्रधानाचार्य अरुण कुमार, पूर्व खेल अधिकारी शब्बल सिंह, सहकारी समिति इचौली के अध्यक्ष रणवीर सिंह, रविकरन सिंह, ऋषिराज सिंह आदि उपस्थित रहे।