सहुरापुर पंप कैनाल में बेतवा नदी में पलटे बार्ज की पानी में पड़ी मोटरें।
- फोटो : अमर उजाला
किसान दलहन की बुआई करने की तैयारी कर रहे हैं लेकिन खेतों से नमी गायब है। ऐसे में किसान लिफ्ट कैनालों की ओर निहार रहे हैं। कैनालें विभाग की लापरवाही का शिकार हैं। हालत यह है कि सहुरापुर लिफ्ट कैनाल का एक बार्ज बाढ़ की चपेट में आ गया था और तब से इसमें लगे मोटर पंप पानी में डूबे हैं। पलेवा की मांग पर लघु डाल नहर विभाग ने मोटरों को निकालना शुरू किया है। काम की धीमी गति पर किसानों में बेचैनी है।
अगस्त में अच्छी खासी बरसात हुई। बाद में मानसून रूठ गए हैं। किसानों ने निजी नलकूपों से पलेवा करना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में ज्यादातर एरिया की सिंचाई लघु डाल नहर विभाग से संचालित सहुरापुर व सहजना लिफ्ट कैनालों से होती है। दोनों कैनालों की हालत बेहद खराब है। सहुरापुर पंप कैनाल में रखे बार्ज पानी में पलटे पड़े हैं। साथ ही नहरों में जगह जगह खादियां हैं। लघु डाल नहर विभाग किसानों को पानी मुहैया कराने की अभी तक तैयारी नहीं कर रहा है। सहुरापुर पंप कैनाल में पाया गया कि नदी की जलधारा में एक बार्ज के पलटने से उसके नीचे मोटर पंप दबे हैं। वहीं पास में दूसरे बार्ज में रखे मोटरों को मिस्त्री ठीक करते मिले। मिस्त्रियों ने कहा कि इस बार्ज में रखे दोनों मोटर ठीकठाक हैं। जबकि तीसरे बार्ज के मोटर पंप खराब हैं। बाढ़ के बीच कैनाल के सभी बार्ज खिसक गए हैं, जिन्हें पाइपों से जोड़ने में कम से कम एक माह का समय लग जाएगा। कमोबेश यही हालत सहजना पंप कैनाल की है।
पौथिया निवासी रामसजीवन ने कहा कि खेत में नमी नहीं है। सारा दारोमदार सहुरापुर कैनाल पर टिका है। अगर जल्दी नहर चालू हो गई तो पलेवा का काम आसानी से हो जाएगा। दलहन की बुआई इसी माह के अंतिम सप्ताह में हो जानी चाहिए। बरसात हो जाए तो सारी समस्या का हल अपने आप हो जाएगा।
किसान रामदास ने कहा कि उसके पास पांच बीघे खेत हैं। उसमें सिर्फ नहर से पानी लगाने की जुगाड़ है। आसपास निजी नलकूप भी नहीं है। उसके खेत की मिट्टी काली है। जिसकी नमी खत्म हो गई है। पलेवा को लेकर वह रोजाना बेतवा नदी की लिफ्ट कैनाल जा रहा है। लेकिन अभी तक मोटरों की मरम्मत ही पूरी नहीं हुई है।
सहुरापुर और सहजना लिफ्ट कैनालों को 15-20 दिन में चालू कर दिया जाएगा। कहा कि अभी करीब 15 दिन पूर्व नदी का जलस्तर बढ़ गया था। जिससे बार्जो में काम नहीं हो सका। सहुरापुर में तीन मोटर सही हैं। जबकि एक मोटर की मरम्मत हो रही है। नहरों की पटरियों की मरम्मत कराई जाएगी।
मुकेश वर्मा, अवर अभियंता लघु डाल नहर