भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। खाना बनाते समय नींद आ जाने के बाद घर में आग लग गई। सिलिंडर को आगे से बचाने में गृहस्वामी भी झुलस गया। उसे पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
विदोखर पुरई निवासी राजेश उर्फ राजू अवस्थी कस्बे की उद्योग नगरी की एक फैक्टरी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। लगातार 48 घंटे की ड्यूटी के उपरांत वह मंगलवार को दिन में गांव पहुंचा। उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थी। इसलिए वह खाना बना रहा था। सब्जी गैस चूल्हे में चढ़ाकर यह चारपाई पर लेट गया।
थकान होने के कारण गहरी नींद में सो गया। लगातार सब्जी पकते रहने से जल गई और उसमें आग लग गई। घर से धुआं उठता देखकर बाहर बैठे युवक अंदर पहुंचे और शोर मचाकर राजू को जगाया। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गैस सिलिंडर में विस्फोट न हो जाए। इस भय से सिलिंडर को बाहर निकालने में वह बुरी तरह से झुलस गया।
आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को दी। डायल 112 की टीम फायर दस्ते के साथ गांव पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने राजू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार है। पीड़ित ने बताया कि आग से दो लाख से अधिक की गृहस्थी जल गई।