छानीबुजुर्ग गांव में शनिवार रात शार्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। इसमें पूरी गृहस्थी राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
छानीबुजुर्ग गांव निवासी प्रागीलाल शनिवार को रिश्तेदारी में बाहर गया था। उसकी पत्नी और बच्चे रात में सो गए। रात करीब दस बजे बगल वाले कमरे में शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ गई। इस बीच प्रागीलाल की पत्नी की आंख खुली तो आग देखकर वह चीख पड़ी।
वह बच्चों को लेकर घर के बाहर भागी और मदद के लिए चिल्लाने लगी। शोर सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी आग गए। सभी ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक मकान में रखी लाही, गेहूं सहित अन्य गृहस्थी का सामान और तीन हजार रुपये नगद जलकर राख हो गए। पीड़ित ने बताया कि आग में उसका करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उसने मदद की गुहार लगाई है।