फोटो01एचएएमपी25 ट्रक में लगी आग। संवाद
सरीला (हमीरपुर)। चिकासी थानाक्षेत्र में बुधवार शाम खराब पड़े डंपर की मरम्मत के दौरान खलासी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट लगते ही डंपर में आग लग गई और वह धू-धूकर जलने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
इछौरा-बेंदा मार्ग पर बुधवार शाम करीब छह बजे डंपर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। चालक जितेंद्र निवासी कालपी और एक मिस्त्री उसकी मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान खलासी आशीष उर्फ बबलू (19) निवासी कदौरा (जालौन) मोबाइल पर बात करते हुए डंपर के ऊपर चढ़ गया। इसी दाैरान ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
करंट उतरने से डंपर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय चालक डंपर के नीचे होने से सुरक्षित बच गया। आग बुझने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मयंक सिंह चंदेल ने बताया कि रास्ते में खराब होने पर उसकी मरम्मत कराई जा रही थी। इसी दौरान खलासी डंपर के ऊपर चढ़ गया और हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। विद्युत उपखंड अधिकारी हरिश्चंद्र वर्मा ने बताया कि हादसे वाली लाइन 11 केवी की है और प्रारंभिक जांच में लाइन मानक ऊंचाई पर मिली है।