गोहांड (हमीरपुर)। डीएम कार्यालय का अधिकारी बन जालसाज परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक से विद्यालय की जानकारी व जीपीएस लोकेशन की सेल्फी मांगता रहा। प्रधानाध्यापक ने शुक्रवार को जरिया थाने में शिकायती पत्र दिया है।
क्षेत्र के दांदो गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने बताया कि 18 जुलाई को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को डीएम ऑफिस का अधिकारी बताया। दोबारा वॉट्सएप कॉल पर उनसे विद्यालय की सूचना व जीपीएस फोटो मांगी। उन्होंने अधिकारी समझकर जीपीएस फोटो भेज दी। आरोप है कि इसके बाद प्रतिदिन उनके पास उसी नंबर से फोन आने लगा। कार्रवाई की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। विद्यालय की शिकायत कर उसका स्क्रीन शॉट भी भेजा है। बताया कि ऑनलाइन शिकायत कंप्यूटर में दांदो गांव निवासी किसी पुष्पेंद्र के नाम से शो कर रही है। बताया कि डीएम कार्यालय का अधिकारी बनकर फोन करने वाले व ऑनलाइन शिकायत करने वाले का मोबाइल नंबर एक ही है।
आरोप लगाया कि अधिकारी बनकर फोन करने व पुष्पेंद्र नाम से फर्जी ऑनलाइन शिकायत कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भी दी है। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।