हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे में 14 से 16 सितंबर तक आयोजित होने वाले तीजा मेले को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों और सीमावर्ती जनपदों से लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। डायवर्जन 14 सितंबर सुबह आठ बजे से 17 सितंबर सुबह आठ बजे तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार कानपुर से महोबा जाने वाले भारी वाहन हमीरपुर-राठ तिराहा से राठ रोड होते हुए छानी अथवा बसवारी होकर मौदहा के रास्ते महोबा जा सकेंगे। इसके अलावा कानपुर-घाटमपुर से चौडगरा, बांदा होते हुए वाहनों को कबरई-महोबा जाने का विकल्प रहेगा। कानपुर या घाटमपुर से कालपी, उरई और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रास्ते भी महोबा पहुंचा जा सकेगा।
महोबा से कानपुर जाने वाले भारी वाहन कबरई से बांदा अथवा खन्ना-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रास्ते कानपुर जाएंगे। दूसरा मार्ग मौदहा तिराहा, बसवारी, राठ रोड होते हुए हमीरपुर और फिर कानपुर का रहेगा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख स्थानों और बैरियरों पर यातायात पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस की तैनाती की जाएगी। यातायात संबंधी सहायता के लिए 9410499333, 9140839677, 8532830132, 9454403535, 9454403539 और 9454401360 पर संपर्क किया जा सकता है। आपात स्थिति में यूपी-112 की मदद ली जा सकती है।