हमीरपुर। मौसम का उतार-चढ़ाव लोगों को बीमार बना रहा है। तापमान 40 पार जा रहा है। ऐसे में जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं गर्मी से पेट भी खराब हो रहा है। हाजमा बिगड़ जाने के बाद पेट में मरोड़, दर्द की शिकायत लिए मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 539 मरीज पहुंचे। इनमें 255 पुरुष, 179 महिला व 105 बालरोगी शामिल रहे। मेडिसन ओपीडी की बात करें तो अधिकांश मरीज बुखार और खांसी से पीड़ित हैं। इसमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक हैं। बच्चों में डायरिया की शिकायत भी मिल रही है। डॉक्टर जांच और दवा के साथ ही मौसम में में बचाव और लापरवाही न बरतने की सलाह दे रहे हैं। इनके अलावा बड़ी संख्या में पेट में दर्द, मरोड़ आदि के मरीज भी पहुंच रहे हैं।
मेडिसिन डॉ. परमेंद्र प्रजापति का कहना है कि पिछले एक महीने से मौसम के लगातार बदलाव और सर्द-गर्म से यह दिक्कत हो रही है। ऐसे में सावधान रहने की जरूरत है। इधर बीते एक सप्ताह से तापमान में छह से आठ डिग्री तक की बढ़ोतरी होने से पेट में दर्द व मरोड़ से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ी है। करीब 70 मरीज देखे हैं। इनमें 40 फीसदी मरीज पेट दर्द व मरोड़ से पीड़ित मिले हैं।
गंभीर मरीजों की जांच कराई जा रही हैं। सभी दवाएं पर्याप्त मात्रा में हैं। ओपीडी में चिकित्सक समय से बैठे इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। - डॉ. आरएस प्रजापति, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल।