जिला अस्पताल में मृतक के परिजनों से जानकारी लेते सीओ व नायब तहसीलादर।
- फोटो : Amar ujala
छानी गांव स्थित एसबीआई के जनसेवा केंद्र में 500 रुपये के पुराने नोट पत्नी के खाते में जमा करने के लिए तीन घंटे से लाइन में खड़ा एक मजदूर गश खाकर गिर गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की माने तो मौत हार्टअटैक से हुई है।
ललपुरा थानाक्षेत्र के मोराकांदर गांव के मजरा ममरेजपुर निवासी बबलू यादव (40) पुत्र दीनदयाल के पास करीब डेढ़ बीघा पथरीली जमीन है। जमीन में पैदावार न होने कारण वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसके पांच वर्ष का पुत्र पुनीत है। बड़े भाई महेश्वरीदीन ने बताया कि हजार व पांच सौ रुपये के नोटों के बंद होने पर मंगलवार की सुबह वह बहू राजेश कुमारी के पांच-पांच सौ के नौ नोट उसके खाते में जमा करने छानी गांव स्थित स्टेट बैंक के जनसेवा केंद्र आया था। सुबह 10 बजे वह लाइन में लगा था। लगातार तीन घंटे खड़े रहे बबलू की हालत करीब एक बजे बिगड़ गई। गांव के सुल्तान ने उसे छानी पीएचसी ले गया।
जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर एसडीएम रामभवन तिवारी, नायब तहसीलदार विजयप्रताप मौके पर पहुंचे। एडीएम राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि पीड़ित परिवार को राइफल क्लब से 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। सदर अस्पताल के डा. विकास यादव का कहना है कि बबलू की हार्ट अटैक से मौत हुई है।
थाना बिवांर थाने के एसआई सियाराम राजपूत ने बताया कि यह स्टेट बैंक का एक जनसेवा केंद्र बजेहटा के नाम से है। जो छानी में चल रहा है। जो पूर्णतय: अवैध है। स्टेट बैंक के जनसेवा केंद्र प्रतिनिधि संतोष सिंह ने बताया कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है। वह अपनी पत्नी के खाते में रुपये जमा करने के लिए लाइन में खड़ा था। तभी उसे उल्टी होने लगी। जिसे छानी सीएचसी में कुछ लोग ले गए। डाक्टराें ने उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।