राठ। सीएचसी में कर्मचारियों की अघोषित हड़ताल से मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। सीएचसी अधीक्ष्क व भाजपाइयों के बीच का तनाव इतना बढ़ गया है कि मरीजों को कोई सुविधा नहीं मिल पा रही। सीएचसी अधीक्षक ने कोतवाली में तहरीर दी है। जानकारी होने पर एसडीएम ने जांच पड़ताल की, मगर नतीजा कोई नहीं निकला।
बतादें सीएचसी अधीक्षक डा. आरके कटियार के खिलाफ डॉक्टरों ने शिकायत की। जिसकी जांच करने बीते सप्ताह आई टीम के सामने भाजपाइयों ने अधीक्षक पर अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए। एक सप्ताह में स्थानांतरण न किए जाने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा। शनिवार को उपचार कराने पहुंचे मरीजों ने बताया अस्पताल स्टाफ हड़ताल की बात कहकर टीकाकरण व उपचार नहीं कर रहे हैं।
इसी बीच भाजपा जनकल्याण प्रचार प्रसार अभियान के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बुंदेलखंड क्षेत्र महेंद्र शुक्ला अपने बच्चे को टीका लगवाने सीएचसी पहुंचे। जहां अस्पताल स्टाफ ने अधीक्षक के निर्देश पर हड़ताल की बात कही। बताया सीएमओ से बात करने पर उन्होंने किसी भी हड़ताल से इनकार किया।
इसी बीच मरीजों की सूचना पर एसडीएम अशोक यादव भी सीएचसी पहुंच गए। सीएमओ व एसडीएम के कड़ा रुख अपनाने पर स्टाफ ने काम शुरू किया, मगर फिर वही हालात हो गए। दोपहर बाद अधीक्षक डा. आरके कटियार स्टाफ के साथ कोतवाली पहुंच गए। जहां भाजपा नेता महेंद्र शुक्ला के खिलाफ कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी है। कोतवाल केके पांडेय ने कहा कि अधीक्षक की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
इलाज के लिए घंटों भटके मरीज
नगर के सिकंदरपुरा की रानी देवी, छोटी जुलहटी के मथुरा, पठानपुरा की रजनी, धर्मेंद्र कुमार, रागिनी, सुमित्रा ने बताया कि टीकाकरण के लिए शनिवार सुबह सीएचसी पहुंची। एएनएम कल्पना ने हड़ताल होने की बात कह उन्हें चलता कर दिया। वहीं शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक सीएचसी में एक भी प्रसव नहीं कराया गया है।
अस्पताल स्टाफ की ओर से हड़ताल किए जाने की सूचना मिली थी। जिस पर उन्हें सख्त हिदायत दी गई है। कोरोना काल में यदि किसी ने काम में लापरवाही की तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डा. आरके सचान, सीएमओ
राठ कोतवाली में तहरीर देते अधीक्षक डॉ आरके कटियार- फोटो : HAMIRPUR
राठ सीएचसी में टीकाकरण न होने की जानकारी देतीं महिलाएं- फोटो : HAMIRPUR