हमीरपुर। कानपुर भेजे गए सैंपलों में 180 सैंपल लैब से रिजेक्ट किए जाने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। मौदहा क्षेत्र के एक पीएसी जवान सहित प्रवासी महिला मजदूर के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच के लिए कानपुर भेजे थे। रिजेक्ट हुए सैंपलों की जांच के लिए एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की टीम उन लोगों को तलाश में जुट गई है।
सीएमओ डा. आरके सचान ने बताया जनपद में संक्रमितों की संख्या 19 हो चुकी है। जिसमें 14 एक्टिव केस हैं। वहीं मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। उन्होंने बताया कि पांच जून को मौदहा कस्बा में एक पीएसी का जवान और उरदना गांव की प्रवासी महिला मजदूर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित दोनों मरीजों के संपर्क में आए 62 व अन्य 180 लोगों के सैंपल लेकर जांच को मेडिकल कालेज कानपुर भेजे थे। बताया कानपुर लैब से कुल 180 सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। जिसमें मौदहा के संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वाले 62 लोगों के सैंपल भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से सैंपल रिजेक्ट हुए हैं।
206 संदिग्धों के सैंपल जांच को भेजे
हमीरपुर। सीएमओ डा. आरके सचान ने बताया कि प्रवासियों के संपर्क में आने 40 लोगों समेत बुधवार को कुल 206 सैंपल लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए कानपुर भेजा है। बताया अब तक जनपद से 3151 सैंपल भेजे जा चुके हैं। जिनमें 2557 की रिपोर्ट आई निगेटिव आई है।