राठ सीएचसी के निरीक्षण में डॉ आलोक से जानकारी लेते एसडीएम अशोक कुमार
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। एसडीएम अशोक कुमार यादव ने सोमवार दोपहर सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में गंदगी देख सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अवैध वसूली की शिकायत पर जांच की बात कही।
कस्बे की सीएचसी में अव्यवस्थाओं की सूचना पर नवागंतुक एसडीएम अशोक कुमार ने औचक निरीक्षण किया। प्रसूति कक्ष का निरीक्षण करने के साथ ही तीमारदारों से जानकारी ली। बिलरख के वीर नारायण, जरिया के संतोष ने जन्म प्रमाणपत्र के एवज में अवैध वसूली का आरोप लगाया। बजरिया निवासी फैजान ने बताया कि उसकी पत्नी का प्रसव सीएचसी में हुआ है। स्टाफ द्वारा धागा व दवाएं बाहर से मंगाने की शिकायत की। एसडीएम ने इन शिकायतों पर जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं कंप्यूटर कक्ष के बाहर ताला लटका मिला। जिसकी शिकायत आयुष्मान कार्ड अपडेट कराने के लिए इंतजार कर रहे लोगों ने एसडीएम से शिकायत की। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने पर एसडीएम ने अपने सामने सफाई कराई। कहा कि सीएचसी में काफी शिकायतें मिलीं हैं। जिनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई होगी।