कानपुर में सजेती थाना क्षेत्र के हमरामऊ के पास नेशनल हाईवे-34 पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार स्कोडा कार डिवाइडर तोड़कर सड़क किनारे खड़े किशोर पर चढ़ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सजेती थाना क्षेत्र के जल्ला गांव निवासी कैलाश का पुत्र राज (16) शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हमरामऊ के पास हाईवे किनारे खड़ा था। परिजनों के अनुसार वह सड़क पार कर सड़क से काफी दूर खड़ा था।
इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रही स्कोडा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए उसकी ओर पहुंच गई और उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल राज को एंबुलेंस से जिला अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। परिजनों के अनुसार हादसे के समय राज सड़क किनारे खड़ा था और कार काफी तेज रफ्तार में थी। राज ने इस वर्ष आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वह आगे की पढ़ाई के लिए नौवीं कक्षा में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहा था।