हमीरपुर। शहर के डिग्गी मोहल्ले में किराये पर रह रही मंदबुद्धि 16 वर्षीय किशोरी को हाईवे के नीचे पुल पर कुछ युवक खींच कर ले जाने लगे। तभी आसपास के लोगों ने देखा तो छोड़ कर भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में किशोरी का मेडिकल कराने के बाद दो को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने बताया कि वह बांदा जनपद की निवासी है। पति की मौत के बाद वह दस वर्ष पूर्व यहां आकर किराये के मकान लेकर रहने लगी। बताया कि दो पुत्री व एक पुत्र की जिम्मेदारी मजदूरी कर के उठा रही हैं। बताया कि बड़ी पुत्री मंदबुद्धि है। रविवार शाम हाईवे किनारे दुकान से सामान लेने गई थी। तभी बाइक सवार तीन युवक शराब के नशे में उनकी पुत्री को पकड़कर बेतवा नदी की तरफ खींच कर ले जा रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने जब आरोपियों को देखा और दौड़कर बेटी को उनसे छुड़ाया। जिसमें एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया। जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि किशोरी को बयान के लिए अदालत भेजा गया है। कहा कि दो आरोपी शिवा व कल्लू नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध नाबालिग के साथ छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें एक आरोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी जेल भेजा जाएगा।