राठ। सीएचसी में मरीज का उपचार कराने आए तीमारदारों ने उपचार न करने का आरोप लगा जमकर हंगामा काटा। मना करने पर होमगार्डों के साथ भी अभद्रता की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया। थाने में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
गुरुवार रात मझगवां निवासी बृजकिशोर (50) पुत्र बुद्धा रावत की अचानक हालत खराब होने पर परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों से नोंकझोंक हो गई। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात होमगार्डों द्वारा मना करने पर उनके साथ हाथापाई कर हंगामा किया। हंगामे के बीच अस्पताल स्टाफ मौके से भाग खड़ा हुआ। कोतवाली पुलिस के मौके पर पहुंचने पर मामला शांत हुआ। डॉ.केके मिश्रा ने कहा कि मरीज का परीक्षण व उपचार किया गया। परिजनों को उसकी स्थिति गंभीर होने की बात कहते हुए बाहर ले जाने को कहा था। जिस पर परिजन उपचार न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा कि किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। संवाद