हमीरपुर। पं.दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत सरीला कस्बे में पार्क निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप कार्य न कराने पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। स्पष्टीकरण नहीं देने पर संबंधित ठेकेदार की निविदा निरस्तीकरण के साथ फर्म को ब्लैक लिस्ट कर जमानत राशि भी जब्त करने के लिए ईओ समेत अन्य अधिकारियों को पत्र भेजा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सैफाली सिंह ने बताया कि सरीला नगर पंचायत में पं.दीनदयाल उपाध्याय आदर्श योजना के तहत कालिका देवी पार्क निर्माण कार्य की निविदा निकाली गई थी। इसमें मे.गायत्री कंस्ट्रक्सन एंड सप्लायर्स फर्म को कार्य मिला था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर उन्होंने निरीक्षण किया। जहां बाउंड्रीवॉल निर्माण में अत्यंत घटिया सामान का इस्तेमाल करना पाया। इंटरलॉकिंग कार्य व पार्क में लगाए गए झूले आदि भी घटिया मिले। चेयरमैन ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय की ओर से ठेकेदार को तीन बार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन स्पष्टीकरण नहीं मिला। इस पर अध्यक्ष ने ठेकेदार की निविदा को निरस्त कर फर्म को ब्लैक लिस्ट करने व जमानत धनराशि को जब्त करने के निर्देश ईओ सहित अन्य अधिकारियों को पत्र के जरिए दिए हैं।