सब्जी मंडी में लगी आग दस लाख का सामान जलकर खाक
- फोटो : amar ujala
हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर कस्बे की सब्जी मंडी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे सात दुकानदारों का करीब दस लाख का सामान जलकर खाक हो गया। जिसमें एक सब्जी व छह किराना की दुकानों का नुकसान हुआ है। पुलिस की सक्रियता के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह से बुझाया।
कस्बे में खुशी का पर्व दशहरा मनाया जा रहा था। तभी अज्ञात कारणों के चलते रात करीब 12 बजे थाने के बगल में स्थित सब्जी मंडी में आग लग गई। इसमें सब्जी व्यापारी अब्दुल गफ्फार की करीब नब्बे हजार की सब्जी व फल जलकर बर्बाद हो गए। वहीं किराना दुकानदार संतोष गुप्ता का करीब दो लाख, सिद्धनाथ पाल, अनुराग पाल व जगदीश गुप्ता की दुकान का करीब डेढ़ डेढ़ लाख का मसाला, मेवा आदि सामान जल गया।
सुधा गुप्ता की दुकान का एक लाख व परमलाल की दुकान का लगभग साठ हजार का सामान जलकर खाक हो गया। अचानक हुई इस घटना से सब्जी मंडी में हड़कंप मच गया। त्योहार पर पुलिस गस्त में होने के कारण उसने सक्रियता दिखाई और थानाध्यक्ष वीपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
घटना की सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर पूरी तरह से काबू पाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अगर तत्काल आग बुझाने का कार्य पुलिसकर्मी न करते तो आग बेकाबू हो सकती थी। बताया कि सात दुकानदारों का नुकसान हुआ है।
दुकानदारों के अनुसार करीब दस लाख का सामान जलने के अनुमान है। घटना से राजस्व विभाग की टीम को अवगत कराया गया है। गौरतलब हो कि वर्ष 2014 व 2019 में भी सब्जी मंडी में आग लगी थी। जिसमें दोनों बार करोड़ों रूपये का नुकसान हुआ था।