हमीरपुर। जनपद में आई बाढ़ और बरसात के चलते जलभराव और गंदगी व मौसम के उतार-चढ़ाव से बीमारियों ने पांव पसार लिए हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को बारिश होने के बावजूद 315 मरीज पहुंचे। गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। वार्ड के सभी बेड भरने से मरीजों को गैलरी व डेंगू वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा।
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आर एस प्रजापति ने बताया कि इस समय सबसे अधिक मरीज वायरल फीवर, खांसी, बुखार, पेटदर्द, उल्टी दस्त के आ रहे हैं। जिनको उपचारित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरीजों को सलाह दी गई है पानी उबालकर व छानकर स्वच्छ पानी पीने, ताजे फल-सब्जी के सेवन की सलाह दी जा रही है।
डॉ. आशुतोष निरंजन बताया कि चाइल्ड वार्ड में निमोनिया के दो बच्चों समेत दस बच्चे भर्ती हैं। हरौली गांव निवासी खिफजा (6) व धनौरी गांव निवासी हुकुम सिंह (01) निमोनिया से पीड़ित हैं। वहीं बरीपाल निवासी किरण(11), गोकुल डेरा निवासी अनुज(04), रिठारी निवासी शैलेन्द्र (11) समेत अन्य बच्चे डायरिया व पायरेक्सिया से पीड़ित हैं।
इनसेट
कुसमरा में मिला डेंगू का संदिग्ध मरीज
कुसमरा गांव में डेंगू का संदिग्घ मरीज मिला है। जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव निवासी उमा देवी (38) के पति ने बताया कि निजी अस्पताल में दिखाया था डेंगू के लक्षण बताए हैं अब जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमएस डॉ. केके गुप्ता ने बताया कि मरीज का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। अभी पुष्टि नहीं हुई है।