हमीरपुर। जिले में पीएम श्री परिषदीय विद्यालयों की सुरक्षा चाक चौबंद की जाएगी। इन स्कूलों में सुरक्षा गार्ड की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के मानदेय के लिए 7.20 लाख रुपये भी स्वीकृत हो गए हैं। 15 अगस्त तक सभी स्कूलों में यह व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
जिले में प्राथमिक विद्यालय रमेड़ी समेत 16 स्कूलों को पीएम श्री के रूप में चयनित किया गया है। केंद्र सरकार की तरफ से विद्यालयों के लिए विशेष अनुदान मिलता है। विद्यालयों में खेल समेत अन्य सुविधाएं पहले से ही मुहैया कराई जा चुकी हैं। अभी तक सबसे बड़ी समस्या स्कूलों में होने वाली चोरी थी। इसके अलावा आपात स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने के लिए प्रत्येक विद्यालय में तीन के हिसाब से कुल 48 सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे।
जिलाधिकारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा गार्ड में पीआरडी के जवान तैनात होंगे। उनको प्रति माह 15 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। शासन से मानदेय के लिए 7.20 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे परियोजना कार्यालय की ओर से ही लगाए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में तीन-तीन कैमरे लगने हैं। यह प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।