सरीला (हमीरपुर)। जिटकरी गांव में डंपर से किसान की मौत के बाद उप संभागीय परिवहन विभाग ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कुल 13 वाहनों पर कार्रवाई की है। इनमें चार वाहनों को सीज कर अन्य से करीब 6.50 लाख रुपये प्रशमन शुल्क ऑनलाइन जमा कराया गया।
अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद एआरटीओ अमिताभ राय की अगुवाई में बृहस्पतिवार रात को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चंडौत–जिटकरी क्षेत्र में चार और घबरा क्षेत्र में तीन ओवरलोड वाहन पकड़े गए, जिनसे साढ़े चार लाख रुपये की वसूली हुई। वहीं देर रात राठ तिराहा, सुमेरपुर मार्ग और नारायणपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान छह और वाहन पकड़े गए। इनमें चार वाहनों को सीज किया गया, जबकि एक वाहन स्वामी ने प्रशमन शुल्क जमा किया। इस दौरान ओवरलोड वाहनों में हड़कंप मच गया और कई वाहन मार्ग बदलते नजर आए।