महोबा। कोतवाली क्षेत्र के बीजानगर गांव में बुधवार की रात चोरों ने अदरक व्यापारी के मकान को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों के जेवर चोरी कर लिए। घटना के समय परिजन दूसरे कमरे में गहरी नींद में सोते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बीजानगर निवासी अब्दुल वकील राईन अदरक का थोक व्यापारी है। बुधवार रात वह परिवार समेत घर में लेटा था। देर रात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और नकदी व जेवर चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह जब गृहस्वामी जागा तो सामान बिखरा व माल गायब देख उसके होश उड़ गए।
घटना की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बारीकी से मुआयना करते हुए जांच की। पीड़ित ने बताया कि चोर अलमारी में रखी 72 हजार रुपये की नकदी, मंगलसूत्र, हार, झुमकी, कान के टॉप्स और चांदी की पायलें चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि चोरी की घटना की अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच कराई जाएगी।