गहरौली। विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए घर लौटे लोग वोट डालने और शादी-विवाह निपटाकर फिर काम की तलाश में बाहरी प्रदेशों को रवाना होने लगे हैं। बीते तीन दिनों से दिल्ली जाने वाली बसों से रवाना हो रहे हैं।
गांव से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण रोजी रोटी की जुगाड़ में अहमदाबाद, सूरत, दिल्ली, कानपुर, नागपुर, पंजाब जैसे शहरों में प्राइवेट कंपनियों व ईंट भट्ठों में काम कर रहे हैं। इन लोगों ने लोकतंत्र के महापर्व पर विधानसभा चुनाव में 20 फरवरी के पूर्व घर आकर वोट डालकर जहां अपना फर्ज निभाया। इसी बीच पड़ रिश्तेदारों की शादियां भी सकुशल निपटा लीं। अब फिर से इन लोगों का बाहर जाने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। महोबा से गहरौली होकर दिल्ली तक जाने वाली रोडवेज बस सेवा में शुक्रवार को दोपहर एक बजे बस पर चढ़ने से पहले गांव निवासी मिथलेश चौरसिया अपनी पत्नी व बच्चों के साथ बैठे मिले। बताया कि नागपुर में पिछले 10 साल से प्राइवेट फैक्टरी में काम करते हैं। इसी तरह रमेश व कल्लू ने बताया कि वह दिल्ली में फैक्टरी में काम कर रहे हैं।