हमीरपुर। जिले में मछुआ समुदाय के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मछुआ उत्सव भवन बनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जनपद की दोनों विधानसभा क्षेत्र में एक मछुआ बाहुल्य गांव का चयन किया जाएगा। चयनित गांव में करीब 1.41 करोड़ रुपये की लागत से उत्सव भवन के निर्माण का कार्य कराया जाएगा। इसको लेकर विभाग ने कवायद शुरू कर दी है।
ग्रामीण इलाकों में शादी समारोह, परिवारिक समारोह व अन्य सामाजिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए खेत, खाली मैदान, सरकारी स्कूल और पंचायत घरों पर लोगों को निर्भर रहना पड़ता है। गांव में समारोह के आयोजन के पर्याप्त इंतजाम न होने पर कस्बा और शहर में गेस्ट हाउस व मैरिज लॉन बुक करने पर इनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। सरकार ने मछुआ बाहुल्य समुदाय क्षेत्र में मछुआ उत्सव भवन बनाने की तैयारी शुरू की है। इन उत्सव भवनों में बड़े हाल के साथ, कमरे, शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि लोग आसानी से कार्यक्रम आयोजित कर सकें। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। गांवों का चयन होने के बाद 1.41 करोड़ रुपये की लागत से इनका निर्माण कराया जाएगा।
मछुआ उत्सव भवन का निर्माण तीन हजार वर्ग मीटर में बनाया जाएगा। ग्राम पंचायतों से उत्सव भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके बाद जिला स्तरीय कमेटी की ओर से चयनित ग्राम पंचायत के प्रस्ताव को शासन में भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद 1.41 करोड़ रुपये की लागत से उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा।
- सुनील कुमार, मुख्य मत्स्य कार्यकारी प्रभारी अधिकारी