बीती रात चोरी के इरादे से रिमझिम इस्पात फैक्ट्री में घुसे चोर को गोली
मार देने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस
ने फैक्ट्री मालिक, मैनेजर व फैक्ट्री के गनमैन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
दर्ज की है। जबकि गार्ड की तहरीर पर मृतक और घायल युवक के खिलाफ चोरी करने व
विरोध पर जानमाल की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जानकारी के
अनुसार, 9/10 अप्रैल की रात कसबे के इमिलिया थोक निवासी रघुराज (19) पुत्र
उजागर कुशवाहा व शिवमोहन (21) पुत्र जयराम कु शवाहा रिमझिम इस्पात फैक्ट्री
में चोरी के इरादे से घुसे थे। जिन्हें फैक्ट्री के गनमैन गजेंद्र सिंह
निवासी इंगोहटा ने गोली मार दी। जिससे रघुराज की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि शिवमोहन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल से भागकर शिवमोहन रात
करीब 2 बजे घायल अवस्था में फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी पहुंचा। जहां उसने
पुलिस को बताया कि रिमझिम इस्पात के गार्ड ने उसे गोली मारी है और रघुराज
की मौके पर मौत हो गई है। साथ ही बंद पड़ी गौतम सीमेंट फैक्ट्री के अंदर
उसका शव डाल दिया है।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल शिवमोहन को रात में
ही जिला अस्पताल पहुंचाया। फिर थानाध्यक्ष सुभाष पुलिस फोर्स के साथ
फैक्ट्री पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस शव को बरामद कर सकी। पुलिस
अधीक्षक डीपी सिंह, क्षेत्राधिकारी बीएन राय ने भी घटना स्थल का निरीक्षण
किया। एसपी ने मृतक के पिता के बयान दर्ज कराए है।
मृतक के पिता की तहरीर
पर फैक्ट्री के मालिक संजीव कुमार, लाइनिंग मैनेजर मनोज गुप्ता, गार्ड
गजेंद्र सिंह के खिलाफ धारा 302 व 307 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया
है। मृतक के पिता का आरोप है कि उसका पुत्र घायल साथी के साथ रिमझिम इस्पात
फैक्ट्री में कार्य कर रहा था।
थकान के कारण दोनों लोग बांउड्रीवाल के
किनारे बैठकर बातें कर रहे थे। तभी मालिक, मैनेजर व गार्ड आए और देखते ही
गोली चला दी। जिससे उसकी बेटे की मौत हो गई। जबकि घायल का इलाज कानपुर में
चल रहा है। उधर गार्ड गजेंद्र सिंह ने मृतक व घायल युवक के खिलाफ चोरी करने
व मना करने पर गोली मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।