स्वार के गांव लखीमपुर में घरों में लगी आग बुझाते ग्रामीण।
कस्बे के चांदथोक कपरिया मोहाल में शार्ट सर्किट के चलते देर शाम एक घर में आग लग गई। जिसने आसपास के चार मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से करीब तीन लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने एकत्र होकर आग पर काबू पाया।
गुरुवार की शाम करीब 6:30 बजे कस्बे के कपरिया मोहाल निवासी विनोद पुत्र लल्लू के मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई और देखते ही देखते यह आग पड़ोसी गंगादीन वर्मा, श्रीराम वर्मा, महावीर वर्मा तथा लल्लू वर्मा के मकान तक पहुंच गई। मोहल्ले के लोग बच्चों का शोर सुनकर एकत्र हो गए और आग बुझाने में जुट गए।
आग से करीब तीन लाख से अधिक की क्षति हुई है। सूचना दिए जाने के बाद भी दमकल देर शाम तक नहीं पहुंच सकी। पड़ोसी हैंडपंपों से पानी लेकर आग बुझाने में जुटे रहे। कस्बा लेखपाल इंद्रजीत कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित परिवारों की क्षति का आंकलन कर शुक्रवार को जिला प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। हादसे के वक्त इन घरों के सभी लोग मजदूरी करने गए थे। छोटे-छोटे बच्चे घर पर थे, जो घरों के बाहर खेल रहे थे।