कुरारा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के बेरी गांव में संदिग्ध हालात में घर में आग लग गई। गृहस्थी का सामान जलने के साथ अंदर खेल रहे तीन भाइयों में एक 14 वर्षीय किशोर की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो बच्चे किसी तरह घर से बाहर निकल गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बेरी गांव निवासी रमेश निषाद मजदूरी कर गुजारा करता है। गुरुवार को वह पिछले चार दिनो से बलकट (ठेका) पर लिए खेत में खड़ी फसल में पानी लगाने जनपद जालौन के बड़ा गांव गया था। जबकि उसकी पत्नी रेखा गांव में मजदूरी करने गई थी। घर में उसके पुत्र संदीप (14) व कुलदीप (7) तथा उसके भाई राजू का पुत्र लकी (6) खेल रहे थे।
दोपहर करीब तीन बजे अचानक कच्चे मकान के छप्पर में आग लग गई। आग की लपटें देख कुलदीप व लकी किसी तरह घर निकल पाए। लेकिन जैसे ही संदीप घर के बाहर निकलने को भागा, तभी उसके ऊपर जलता हुआ छप्पर गिर गया, जिससे उसकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई। रमेश ने बताया कि उसका पुत्र संदीप मानसिक रूप से विक्षिप्त था। जिसके चलते वह स्कूल कभी नहीं गया है। पड़ोसियों ने एकत्र होकर आग पर काबू पाया और घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी गांव स्थित पुलिस चौकी को दी।
बेरी चौकी प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना के समय मृतक के माता-पिता खेतों में काम करने गए थे। आग कैसे लगी अभी कुछ जानकारी नहीं हो सकी है। घटना के समय दो बच्चे और थे, जो किसी तरह बाहर निकल गए थे। लेकिन संदीप आग की चपेट में आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कहा कि संदीप मानसिक रूप से बीमार था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया व सीओ सदर अनुराग सिंह मामले की जांच करने बेरी गांव घटना स्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही है।