डामर गांव में मकान में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
कुरारा। क्षेत्र के डामर गांव में बुधवार सुबह खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से मकान में आग लग गई। जिससे गृहस्थी का सामान जल गया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से करीब तीन लाख रुपये की क्षति का अनुमान है।
गांव निवासी शारदा प्रसाद अहिरवार के पुत्र महेंद्र के मकान में आग लगी। पीड़ित के भाई बृजेंद्र ने बताया उनका छोटा भाई परिवार से अलग रहता है। वह इस समय गुजरात में काम कर रहा है। उसकी पत्नी शशि बच्चों के साथ गांव में रहती है। सुबह करीब 8 बजे वह चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी कुछ सामान लेने दूसरे घर में चली गईं। इस बीच चूल्हे की चिंगारी से पास में रखे सामान में आग लग गई और कमरे से लपटे उठने लगीं। आग से पूरा मकान जलने लगा। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
आग से कपड़े, जेवर, नकदी, बक्सा, अलमारी, कूलर, पंखा व अन्य गृहस्थी का सामान जल गया। सूचना पर दमकल कर्मी भी पहुंचे। जिन्होंने आग को पूरी तरह से बुझाया। पीड़ित महिला ने बताया आग से करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जली है। घटना की सूचना गांव के लेखपाल को दी गई है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से आर्थिक मदद की मांग की है।
डामर गांव में आग से जला सामान। संवाद- फोटो : HAMIRPUR