बिझड़ी/बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मसलाना गांव में मंगलवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसा बाइक और टेंपो के बीच हुई टक्कर से हुआ। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यशपाल निवासी प्रोइयां, तहसील बंगाणा जिला ऊना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तलाई से मैहरे की तरफ बाइक पर जा रहा था। मसलाना गांव के पास सामने से आ रहे टेंपो से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर लगने के पश्चात वह घायल होकर बेसुध सड़क के बीचोंबीच जा गिरा। लोगों ने 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। उधर, एसएचओ बड़सर मस्तराम नाइक का कहना है कि सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।