खन्ना (महोबा)। थाना खन्ना के मवईखुर्द गांव में विवाहिता का कमरे के अंदर फंदे पर शव लटकता मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर बेटी को फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना खरेला के धवारी गांव निवासी चंद्रभान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बेटी रेशमा की शादी छह मई 2026 को थाना खन्ना के मवईखुर्द निवासी अर्जुन के साथ की थी। शादी के समय दान-दहेज भी दिया था। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुरालीजन पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर रेशमा को प्रताड़ित किया जाने लगा। मंगलवार को ससुरालीजनों ने पहले बेटी के साथ मारपीट की और फिर फंदे पर लटका दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति अर्जुन, ससुर बरदानी व सास के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।